home page

उच्च माध्यमिक में कूचबिहार के चंद्रचूड़ सेन राज्य में चौथे स्थान पर

 | 
उच्च माध्यमिक में कूचबिहार के चंद्रचूड़ सेन राज्य में चौथे स्थान पर


कूचबिहार, 14 मई (हि. स.)। अपनी प्रतिभा का लोहा एक बार फिर मनवाते हुए कूचबिहार के रामभोला हाई स्कूल के छात्र चंद्रचूड़ सेन ने उच्च माध्यमिक परीक्षा में राज्य में चौथा स्थान हासिल किया है। उन्होंने 493 अंक प्राप्त कर यह बड़ी सफलता हासिल की है।

2024 में वह माध्यमिक परीक्षा में पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर रहे थे।

हालांकि इस बड़ी उपलब्धि के बीच चंद्रचूड़ ने राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर नाराजगी भी जताई। उसने बताया कि उच्च माध्यमिक की तैयारी के साथ-साथ उसने नीट परीक्षा के लिए भी काफी मेहनत की थी और तीन मई को परीक्षा दी थी, लेकिन देशभर में सामने आए विवाद के कारण परीक्षा रद्द होने से वह काफी निराश और क्षुब्ध है।

चंद्रचूड़ की इस लगातार सफलता से उसके परिवार में खुशी का माहौल है। उसके पिता शांतनु सेन और मां मौसमी सेन बेटे की उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे है। रिजल्ट आने के बाद घर में मिठाई खिलाकर जश्न मनाया गया। वहीं, पूरे जिले में एकमात्र छात्र के रूप में मेधा तालिका में जगह बनाने पर रामभोला हाई स्कूल के शिक्षक भी बेहद गौरवान्वित है।

स्कूल के प्रधानाध्यापक तपन कुमार दास सहित अन्य शिक्षक उसके घर पहुंचे और उसे मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। चंद्रचूड़ की इस सफलता से पूरे कूचबिहार में उत्सव का माहौल है और उसकी उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार