सिलीगुड़ी में ध्वनि प्रदूषण पर पर्यटन मंत्री शंकर घोष के दावे से बढ़ा विवाद
सिलीगुड़ी, 10 नवंबर (हि. स.)। काली पूजा के दौरान प्रतिबंधों के बावजूद जमकर पटाखे फोड़े जाने को लेकर सिलीगुड़ी में लोगों के बीच नाराजगी और विवाद बढ़ता जा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में तेज आवाज वाले पटाखों के इस्तेमाल से परेशान लोगों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की है। इसी बीच मंगलवार को पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने प्रदूषण में कमी के आंकड़े पेश कर एक नई बहस छेड़ दी है।
मंत्री की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 में काली पूजा के दौरान शहर का औसत वायु प्रदूषण सूचकांक 130 था, जो 2026 में घटकर 83 रह गया है।
उन्होंने दावा किया कि वायु प्रदूषण के स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
शंकर घोष ने ध्वनि प्रदूषण के आंकड़े भी सामने रखे है। उनके मुताबिक, वर्ष 2022 में काली पूजा के दिन शाम सात बजे से रात 11 बजे तक ध्वनि का स्तर 120 से 124 डेसीबल के बीच था। वहीं, 2026 में इसी समयावधि के दौरान यह घटकर 107 से 110 डेसीबल के बीच दर्ज किया गया।
मंत्री का दावा है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद काली पूजा के दौरान वायु और ध्वनि प्रदूषण दोनों के स्तर में कमी आई है। हालांकि, शहर के विभिन्न इलाकों में तेज आवाज वाले पटाखों से परेशान लोगों की शिकायतों के बीच मंत्री के इन आंकड़ों ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है। जहां एक ओर सरकारी आंकड़ों में प्रदूषण कम होने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों के अनुभव इससे अलग नजर आ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

