home page

300 ठेकेदारों ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन

 | 
300 ठेकेदारों ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन


पश्चिम बर्दवान, 02 जून (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम के 106 वार्डों में विभिन्न विकास एवं निर्माण परियोजनाओं का कार्य करने वाले लगभग 300 ठेकेदारों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पहुंचा और मेयर विधान उपाध्याय से मुलाकात कर वर्षों से लंबित बकाया भुगतान की मांग उठाई। ठेकेदारों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से किए गए कार्यों का भुगतान अब तक नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल तरित राय ने बताया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों, नालियों तथा अन्य विकास कार्यों सहित कई परियोजनाओं का निर्माण कराया गया था। इन कार्यों में करीब 300 से अधिक ठेकेदार जुड़े हुए थे, लेकिन अब तक उनकी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इस संबंध में मेयर से बातचीत की गई, जिस पर मेयर ने बताया कि संबंधित परियोजनाओं का फंड उपलब्ध हो चुका है, लेकिन मंत्रिमंडल गठन की प्रक्रिया के कारण भुगतान में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी ठेकेदारों के बकाया बिलों का भुगतान कर दिया जाएगा।

इस मुद्दे पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी के प्रवक्ता दुर्गेश नागी ने कहा कि नगर निगम के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य करने वाले ठेकेदार लंबे समय से अपने भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। जैसे ही विधायक को इस समस्या की जानकारी मिली, उन्होंने भी ठेकेदारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक स्तर पर पहल की जाएगी।

दुर्गेश नागी ने नगर निगम के वर्तमान बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पिछला बोर्ड 106 वार्डों के सुचारु संचालन में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पार्षद जनता का विश्वास खो चुके हैं और उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा