home page

एक लाख रुपये की रिश्वत लेते नाजिरगंज पुलिस चौकी का कांस्टेबल गिरफ्तार

 | 
एक लाख रुपये की रिश्वत लेते नाजिरगंज पुलिस चौकी का कांस्टेबल गिरफ्तार


हावड़ा, 19 अगस्त (हि. स.)। हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के साकरेल थाना अन्तर्गत नाजिरगंज पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल शुभमय मंडल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की कार्रवाई के दौरान आरोपित कांस्टेबल ने रिश्वत की रकम के बंडल बाहर फेंकने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसका पीछा कर पूरी रकम बरामद कर ली।

बुधवार सुबह जारी एसीबी के बयान अनुसार, कार्रवाई के दौरान शुभमय मंडल ने रिश्वत के दो बंडल बाहर फेंक दिए। हालांकि, वह बाकी रकम फेंक नहीं सका। तलाशी में उसके पास से तत्काल 50 हजार रुपये बरामद किए गए। इसके बाद एसीबी की टीम ने उस स्थान पर तलाशी अभियान चलाया, जहां आरोपित ने रकम फेंकी थी। वहां से भी 50 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। इस तरह कुल एक लाख रुपये की रिश्वत की रकम बरामद हुई।

गिरफ्तारी के दौरान शुभमय मंडल ने काफी विरोध किया और हंगामा भी किया। इसके बावजूद एसीबी अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

गौरतलब है कि सोमवार को भी एसीबी ने हावड़ा जिले के बांटरा थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुब्रत सरकार को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उन्होंने एक महिला के साथ कथित उत्पीड़न के मामले को दबाने के लिए आरोपित पक्ष से रिश्वत ली थी। लगातार दो दिनों में हावड़ा पुलिस के दो कर्मियों के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी हलचल है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर