home page

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर युवा कांग्रेस ने मनाया ‘राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस‘, चाय-पकौड़े बेचकर जताया विरोध

 | 
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर युवा कांग्रेस ने मनाया ‘राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस‘, चाय-पकौड़े बेचकर जताया विरोध


आसनसोल, 17 सितंबर (हि. स.)। देश में बढ़ती बेरोजगारी, रोजगार के अवसरों की कमी और युवाओं के साथ कथित भेदभाव का आरोप लगाते हुए जिला युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को ‘राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर आसनसोल के रविंद्र भवन के सामने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे चाय और पकौड़े का स्टॉल लगाकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष शोभिक मुखर्जी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के युवा रोजगार के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं और केंद्र सरकार ने सत्ता में आने के बाद रोजगार को लेकर जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया है। बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर युवाओं को बार-बार सड़क पर उतरना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री के पुराने ‘पकौड़ा बेचने से भी रोजगार’ संबंधी बयान पर कटाक्ष करते हुए चाय-पकौड़े बेचकर यह विरोध प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर भी विरोध जताते नजर आए। स्टॉल पर ‘नो यूपीआई, ओनली कैश’ का पोस्टर भी लगाया गया। युवा कांग्रेस नेताओं ने डिजिटल लेनदेन और यूपीआई को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर कैशलेस समाज की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर यूपीआई लेनदेन पर कर (टैक्स) लगाए जाने की चर्चा से लोगों में भ्रम पैदा होता है।

हालांकि, दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर जीएसटी लगाए जाने की खबर को केंद्र सरकार पहले ही खारिज कर चुकी है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने 18 अप्रैल 2025 को पीआईबी के माध्यम से स्पष्ट किया था कि इस तरह की खबरें निराधार और भ्रामक हैं तथा सरकार के सामने ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।

कार्यक्रम में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष शोभिक मुखर्जी के अलावा कांग्रेस पार्षद एस. एम. मुस्तफा, पूर्व पार्षद सहित कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों के बीच पकौड़े भी वितरित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा