नीट प्रश्नपत्र प्रकरण में कांग्रेस ने खड़गपुर में निकाली मशाल रैली, श्रद्धांजलि अर्पित
खड़गपुर, 25 जुलाई (हि. स.)। नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के विरोध में तथा प्रश्नपत्र लीक के कारण जान गंवाने वाले 21 नीट विद्यार्थियों की स्मृति में शनिवार शाम को खड़गपुर नगर कांग्रेस की ओर से मशाल रैली निकाली गई।
रैली खड़गपुर नगर कांग्रेस कार्यालय से आरंभ होकर गोलबाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के विरुद्ध विरोध प्रकट किया।
रैली में जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवाशीष घोष, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष उज्ज्वल मुखर्जी, खड़गपुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शर्मा, इंटक अध्यक्ष कमल किशोर खन्ना, पार्षद परमिता घोष, मधु कामी, अपर्णा घोष, अरुणमय सरकार, छोटन सेन, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष शोआली रजा, राहुल सिंह, सचिन कुमार तथा तपन बोस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

