कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की
कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि. स.)। कांग्रेस के ढेरों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कोलकाता में विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मध्य कोलकाता में आयोजित इस मार्च में हिस्सा लिया। सरकार ने कहा कि यह रैली चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर कांग्रेस के अभियान का हिस्सा है।
प्रदर्शनकारी बेंटिंक स्ट्रीट स्थित एक सिनेमा हॉल से मार्च करते हुए लोक भवन के निकट पहुंचे। करीब एक किलोमीटर की दूरी तक चले इस मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग वाले पोस्टर भी थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

