महंगाई के खिलाफ जलपाईगुड़ी में कांग्रेस का प्रदर्शन, ‘लोगों को बचाओ, कीमतें घटाओ’ का नारा
जलपाईगुड़ी, 26 अगस्त (हि. स.)। बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को जलपाईगुड़ी में कांग्रेस ने विरोध मार्च निकाला। “लोगों को बचाओ, कीमतें घटाओ” के नारे के साथ जलपाईगुड़ी टाउन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में दिनबाजार इलाके में यह विरोध मार्च आयोजित किया गया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चीनी से लेकर प्याज तक रोजमर्रा की जरूरत की कई वस्तुओं की कीमत लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। महंगाई पर नियंत्रण और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन द्वारा टास्क फोर्स गठित कर अभियान चलाए जाने के बावजूद कांग्रेस का दावा है कि ये कदम पर्याप्त नहीं हैं।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित भट्टाचार्य, टाउन ब्लॉक अध्यक्ष अम्लान मुंशी और पूर्व जिलाध्यक्ष पिनाकी सेनगुप्ता ने किया।
मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न दुकानों पर जाकर व्यापारियों से बातचीत की। अचानक कीमतें बढ़ने के कारणों के बारे में जानकारी लेने के साथ ही व्यापारियों से अधिक कीमत पर सामान नहीं बेचने की अपील और चेतावनी भी दी गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित भट्टाचार्य ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि टास्क फोर्स गठित कर प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई महज दिखावा बनकर रह गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में पार्टी और बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

