नंदीग्राम उपचुनाव के परिणाम से उत्साहित कांग्रेस हल्दिया नगर निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी
कोलकाता, 28 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के औद्योगिक शहर हल्दिया में नवंबर में नगर निकाय चुनाव होने की अटकलों के बीच कांग्रेस ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। हल्दिया नगर निकाय चुनाव में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस नेता मिलन प्रधान ने सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होने का आह्वान किया है। कांग्रेस इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को भी अपने साथ लाना चाहती है। इस बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हल्दिया नगर निकाय चुनाव में ममता बनर्जी को शून्य पर समेटने का संदेश दिया है। उन्होंने नगर निकाय को विपक्षविहीन बनाने का भी आह्वान किया है।
विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस और माकपा को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था। नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार के अंतिम समय में चुनाव से हटने के बाद तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा की थी।
हालांकि, मतदान से पहले कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को पुराने मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके खिलाफ कलकत्ता उच्च न्यायालय में मामला दायर किया गया। अंततः मतदान से कुछ दिन पहले मिलन प्रधान को जमानत मिल गई। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रचार किया। चुनाव में भाजपा की उम्मीदवार हसिरानी रथ ने जीत हासिल की, लेकिन कांग्रेस अन्य दलों को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गई। पार्टी के मतों में भी पहले की तुलना में वृद्धि हुई। इससे कांग्रेस के जिला नेतृत्व के साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह बढ़ा है।
हल्दिया नगर निकाय का पिछला चुनाव वर्ष 2017 में हुआ था। उस समय शहर के सभी 29 वार्डों में तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। उस समय शुभेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। उनके नेतृत्व में हल्दिया नगर निकाय विपक्षविहीन हो गया था। वर्ष 2022 में हल्दिया नगर निकाय के बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो गया। इसके बाद से नगर निकाय का कामकाज प्रशासक के अधीन है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद वार्डों के परिसीमन में बदलाव किया गया और अब नगर निकाय में वार्डों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को सभी सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी ताकत से जुटने का निर्देश दिया है।
कांग्रेस नेता मिलन प्रधान ने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री का विपक्षविहीन नगर निकाय बोर्ड बनाने का आह्वान असंवैधानिक है। लोकतंत्र में यदि विपक्ष नहीं होगा, तो सरकार निरंकुश शासन स्थापित करेगी। वर्ष 2007 से 2011 तक हमने तृणमूल कांग्रेस को समर्थन दिया था। नंदीग्राम उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने हमें समर्थन दिया है। हल्दिया में कांग्रेस सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हमने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा को हराने के लिए हम चाहते हैं कि तृणमूल कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल कांग्रेस के साथ आएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

