home page

सात सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस ने ग्राम पंचायत को सौंपा ज्ञापन

 | 
सात सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस ने ग्राम पंचायत को सौंपा ज्ञापन


सिलीगुड़ी, 21 सितंबर (हि. स.)। नक्सलबाड़ी में सात सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व ने सोमवार को ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा हैं। ज्ञापन में पंचायत के कामकाज में पारदर्शिता, रोजगार कार्य, सड़क, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और पेयजल से जुड़े मुद्दे उठाए गए।

इस दौरान जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अमिताभ सरकार, नक्सलबाड़ी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इमरान, अंचल अध्यक्ष नेपाल घोष, ब्लॉक महासचिव उज्ज्वल दास समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अमिताभ सरकार ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के उपप्रधान को हाल ही में कथित वित्तीय गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने पंचायत के अपने फंड से दस हजार रुपये से अधिक के खर्च का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता बनी रहे।

कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि सरकार के नए निर्देश के बावजूद नक्सलबाड़ी क्षेत्र में 125 दिनों के रोजगार कार्य की शुरुआत नहीं हुई है। इसके अलावा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों की खराब स्थिति, जर्जर ड्रेनेज व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया।

पेयजल को लेकर भी कांग्रेस ने पंचायत पर सवाल उठाए। अमिताभ सरकार के अनुसार, नक्सलबाड़ी के 29 क्षेत्रों में से केवल एक मौजा में घर-घर पेयजल पहुंचा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में अभी भी घरेलू जल कनेक्शन का इंतजार है।

कांग्रेस नेतृत्व ने चेतावनी दी कि एक महीने के भीतर मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार