लालगोला पंचायत पर तृणमूल का कब्जा, कांग्रेस को झटका
मुर्शिदाबाद, 22 मार्च (हि. स.)। जिले के लालगोला में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस संचालित पंचायत समिति के कई सदस्य पार्टी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सोमवार को दो और सदस्यों के तृणमूल में शामिल होने की संभावना है। इसके चलते पंचायत बोर्ड कांग्रेस के हाथ से निकल गया।
रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में लालगोला पंचायत समिति की अध्यक्ष लक्ष्मी सरकार ने तृणमूल का दामन थाम लिया। उनके साथ पंचायत समिति के तीन कार्याध्यक्ष हुमायूं कबीर, आजिनुर बीबी और नजरुल इस्लाम ने भी पार्टी बदली। इसके अलावा समिति की सदस्य शुक्तारा बीबी, एलिजा बीबी समेत कुल छह नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़कर तृणमूल में शामिल हुए।
लालगोला पंचायत समिति में कुल 36 सीटें हैं। इनमें 22 सीटें कांग्रेस, 12 तृणमूल, एक भाजपा और एक निर्दलीय के पास थीं। अब रविवार को तृणमूल की सीटें बढ़कर 18 हो गईं, जबकि कांग्रेस घटकर 16 पर आ गई। इस बदलाव के साथ ही पंचायत समिति पर तृणमूल का नियंत्रण स्थापित हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

