home page

नदिया में कांग्रेस नेता और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या, सड़क पर रोककर किया हमला

 | 
नदिया में कांग्रेस नेता और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या, सड़क पर रोककर किया हमला


नदिया, 16 अगस्त (हि. स.)। नदिया जिले में बदमाशों ने कांग्रेस नेता और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सूफियान (24) के रूप में हुई है। घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे नकाशीपाड़ा थाना क्षेत्र के बेथुआडहारी रेलवे गेट के पास हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अनीसुर रहमान अपने बेटे के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उनकी कार को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले कार पर कई राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद कार रुकवाकर पिता-पुत्र पर धारदार हथियार से हमला किया गया।

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर नकाशीपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे कौन लोग थे और वारदात का मकसद क्या था। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।

घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय