आसनसोल में कांग्रेस ने संगठन विस्तार का फूंका बिगुल, 21 जुलाई शहीद दिवस को लेकर बनाई रणनीति
पश्चिम बर्दवान, 05 जुलाई (हि. स.)। कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और संगठन का विस्तार करने के उद्देश्य से आसनसोल स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।
बैठक में विशेष रूप से सदस्यता अभियान को तेज करने, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने और संगठनात्मक ढांचे को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसके लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करना आवश्यक है।
आसनसोल दक्षिण विधानसभा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शाह आलम खान ने कहा कि आज की सबसे बड़ी जरूरत कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों को हर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं और समर्पित कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को नई ऊर्जा देना चाहती है। इसके लिए सदस्यता अभियान को और तेज किया जाएगा तथा नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन में सक्रिय जिम्मेदारियां भी दी जाएंगी।
21 जुलाई शहीद दिवस को लेकर बनी विशेष रणनीति
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा 21 जुलाई को कोलकाता में आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम को सफल बनाना रहा। इस अवसर पर आसनसोल से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि आसनसोल से कार्यकर्ताओं का जत्था कोलकाता पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा और कार्यक्रम में सक्रिय रूप से हिस्सा लेगा।
एकजुट होकर संगठन मजबूत करने का संकल्प
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ कांग्रेस पार्टी को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी समाज सेवा, जनहित के मुद्दों और लोकतंत्र की मजबूती के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
बैठक में मौजूद नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनसंपर्क अभियान को तेज करें, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाकर संगठन को नई मजबूती प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

