home page

कांग्रेस के 35 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित

 | 
कांग्रेस के 35 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित


पश्चिम बर्दवान, 13 सितंबर (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने 35 जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सभी नियुक्तियां ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत की गई हैं।

इस अभियान के तहत प्रत्येक जिले में नियुक्त एआइसीसी पर्यवेक्षकों ने संगठन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इसके साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों से बातचीत कर रिपोर्ट तैयार की गई। पर्यवेक्षकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद जिला अध्यक्षों के नामों को अंतिम मंजूरी दी गई।

पश्चिम बर्दवान जिला कांग्रेस कमेटी की कमान हरजीत सिंह को सौंपी गई है। वहीं पूर्व बर्धमान में गौरव समाद्दार को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में मुर्शिदाबाद से मो. अब्दुल्लाही काफी, जंगीपुर से अल्फाजुद्दीन बिस्वास, बीरभूम से संजॉय अधिकारी, बांकुड़ा से अभिषेक बिस्वास, पुरुलिया से फणीभूषण कुमार और झाड़ग्राम से प्रसेनजीत दे को जिम्मेदारी दी गई है।

उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग से सुबिन भौमिक, कालिम्पोंग से गिरीश चंद्र कौल, जलपाईगुड़ी से नारायण चंद्र सरकार, कूचबिहार से विश्वजीत सरकार, अलीपुरद्वार से मृण्मय सरकार, मालदा से ईशा खान चौधरी, उत्तर दिनाजपुर से तुषार कांति गुहा और दक्षिण दिनाजपुर से गोपाल देब को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

कोलकाता क्षेत्र में सेंट्रल कोलकाता की जिम्मेदारी मनाश सरकार, नॉर्थ कोलकाता की तारक पाल, साउथ कोलकाता की मीता चक्रवर्ती और बड़ाबाजार की जिम्मेदारी राहुल पांडेय को दी गई है। इसके अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में भी नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।

कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति से राज्य में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने में संगठन अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

पश्चिम बर्दवान जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद हरजीत सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। हरजीत सिंह ने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की सेवा का बड़ा संकल्प है। ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत मिली जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा