आसनसोल में कांग्रेस उम्मीदवार के पड़ोसी की हत्या पर भड़के शुभंकर सरकार
आसनसोल, 26 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के उत्तर विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद राजनीतिक हिंसा का आरोप सामने आया है। इस घटना पर पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। रविवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि आसनसोल में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के पड़ोसी की नृशंस हत्या की घटना की वह कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह जघन्य घटना पश्चिम बंगाल के लोकतंत्र के लिए एक अंधकारमय और खतरनाक संकेत है।
शुभंकर सरकार ने कहा कि जहां इस चुनाव को “स्वतंत्र और निष्पक्ष” बताया जा रहा है, वहीं जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से बंगाल में कांग्रेस को कमजोर दिखाने की कोशिश करने वाली तृणमूल कांग्रेस अब कांग्रेस की बढ़ती ताकत से घबराई हुई हैं।
उन्होंने दावा किया कि पहले सभा को बाधित करने की कोशिश की गई और अब इस चुनाव में पहली राजनीतिक हत्या देखने को मिली है, जिसमें एक कांग्रेस कार्यकर्ता की जान चली गई।
शुभंकर सरकार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता और पुनरुत्थान ने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा—दोनों खेमों में डर पैदा कर दिया है। यही डर अब हिंसा, धमकी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ सुनियोजित उत्पीड़न के रूप में सामने आ रहा है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस उम्मीदवार के पड़ोसी और करीबी सहयोगी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। हालांकि, सत्तारूढ़ पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मृतक किसी भी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता या पदाधिकारी नहीं थे। उन्होंने कहा कि अब तक मृतक की किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि की पुष्टि नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

