home page

दुर्गापुर में कांग्रेस संविधान हाथ में लेकर विरोध प्रदर्शन

 | 
दुर्गापुर में कांग्रेस संविधान हाथ में लेकर विरोध प्रदर्शन


दुर्गापुर, 08 अक्टूबर (हि. स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में संविधान की प्रतियां लेकर कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक विरोध मार्च में शामिल हुए। मार्च को लेकर सिटी सेंटर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी देखी गई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में संविधान की रक्षा की मांग को लेकर विपक्षी दलों के आंदोलन के दौरान पुलिस हस्तक्षेप और आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में देशभर में आंदोलन के साथ दुर्गापुर में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मतदाता सूची से योग्य मतदाताओं के नाम हटाए जाने के कारण कई लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित हुए हैं। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की जिम्मेदारी चुनाव आयोग पर तय करने की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा