home page

विकास भवन के सामने सड़क पर लेटकर कंप्यूटर शिक्षकों ने किया प्रदर्शन

 | 

कोलकाता, 28 सितंबर (हि.स.)। नौकरी जाने की दहशत के बीच अनुबंधित कंप्यूटर शिक्षकों ने सोमवार को विकास भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में आईसीटी ऐक्य मंच के छह और सात फेज के कॉन्ट्रैक्ट्यूअल कंप्यूटर शिक्षक ने शामिल थे। सोमवार को करुणामयी से रैली निकालते हुए प्रदर्शनकारी शिक्षक विकास भवन की तरफ बढे।

जैसे ही रैली विकास भवन के पास पहुंची, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद स्थिति गरमा गई। प्रदर्शनकारियों ने विकास भवन के सामने धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि पूजा से पहले उन्हें टर्मिनेशन लेटर (नौकरी से हटाने या स्थानांतरण) भेजे गए थे। इसके विरोध में ठेका (कॉन्ट्रैक्ट) कंप्यूटर टीचर सड़कों पर उतर आए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़पें भी हुई। शिक्षकों की मांग थी कि सरकारी अधिकारी आकर उनसे बात करें। शिक्षकों ने कहा कि पिछली सरकार से वेतन बढ़ाने की मांग की थी। अब उनकी नौकरी जाने वाली है। प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने सवाल उठाया कि वे क्या खाएंगे?

उन्होंने कहा कि कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती किया गया था। कॉन्ट्रैक्ट पूजा से पहले 30 सितंबर को खत्म हो रहा है। इन्हें भर्ती करने वाली एजेंसी ने बताया है कि इन टीचरों का कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं किया जाएगा। फिर नया टेंडर होगा। इस वजह से इन कॉन्ट्रैक्ट वाले कंप्यूटर टीचरों में से किसी की भी नौकरी नहीं रहेगी। उनके टर्मिनेशन लेटर भी आ गए हैं। टीचरों ने कहा कि पूजा के दौरान सभी को बोनस मिलता है और उन्हें टर्मिनेशन लेटर मिल रहे हैं।

शिक्षकों की मांग है कि एजेंसी सिस्टम बंद किया जाए और उन्हें सीधे सरकारी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर के तौर पर भर्ती किया जाए। पांच साल तक काम करने के बाद भी छठे और सातवें फेज़ के टीचर वेबेल स्कूल नेट या एक्स्ट्रा मार्क जैसी एजेंसियों के तहत काम कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा