पांडेश्वर में तृणमूल उम्मीदवार के खिलाफ शिकायत, नामांकन रद्द करने की मांग
आसनसोल, 08 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के पांडेश्वर विधानसभा सीट (संख्या 275, आसनसोल लोकसभा क्षेत्र) में चुनावी माहौल के बीच एक अहम शिकायत सामने आई है। भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी के चुनाव एजेंट सुशील कुमार टुडू ने रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती वर्तमान में आसनसोल माइंस बोर्ड ऑफ हेल्थ के चेयरमैन तथा पश्चिम बर्दवान आरटीए (रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी) के सदस्य हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, ये दोनों पद “ऑफिस ऑफ प्रॉफिट” की श्रेणी में आते हैं और इन पदों पर रहते हुए लाभ प्राप्त किया जा रहा है।
शिकायत में संविधान के अनुच्छेद 191(1)(a) का हवाला देते हुए कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति भारत सरकार या किसी राज्य सरकार के अधीन लाभ के पद पर आसीन है, तो वह विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हो सकता है, जब तक कि उस पद को विधायिका द्वारा अयोग्यता से मुक्त घोषित न किया गया हो। इसके साथ ही, “पार्लियामेंट (प्रिवेंशन ऑफ डिस्क्वालिफिकेशन) एक्ट, 1959” की धारा-3 का भी उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि किसी सांविधिक या गैर-सांविधिक निकाय के सदस्य को केवल प्रतिपूरक भत्ता से अधिक लाभ प्राप्त होता है, तो वह पद “ऑफिस ऑफ प्रॉफिट” माना जाएगा।
सुशील कुमार टुडू ने अपने आरोप में कहा है कि नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती इन पदों से लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जो उन्हें चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य बनाता है। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर से मांग की है कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान ही नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती की उम्मीदवारी को खारिज किया जाए। इस शिकायत के बाद पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई है। अब सबकी नजर रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले पर टिकी हुई है, जो जांच के बाद इस मामले में निर्णय लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

