अपडेट: पहाड़ की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कमेटी का गठन, सिलीगुड़ी में हुई मैराथन बैठक
सिलीगुड़ी, 22 अगस्त (हि.स.)। पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं और मांगों के समाधान को लेकर सिलीगुड़ी के न्यू चामटा स्थित एक रिसॉर्ट में शनिवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सहित पहाड़ के कई प्रमुख नेता और राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। लंबी चर्चा के बाद पहाड़ की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमेटी गठित का किया गया है। इस कमेटी का नेतृत्व पंकज कुमार सिंह करेंगे। जिनमें पहाड़ की राजनीतिक और सामाजिक लोगों को रखा जाएगा।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने बताया कि पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर अब एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में मध्यस्थ की भूमिका पंकज कुमार सिंह निभाएंगे, जिन्हें केंद्र सरकार की ओर से पहले ही यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कमेटी में पहाड़ के अन्य राजनीतिक और सामाजिक लोगों को रखा जाएगा।
राजू बिष्ट के अनुसार, कमेटी पहाड़ की विभिन्न समस्याओं, मांगों और संबंधित मुद्दों पर काम करेगी। बैठक में पहाड़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई है। चर्चा के आधार पर एक ग्राफ भी तैयार किया गया है। अगली बैठक में इस ग्राफ की समीक्षा करने के बाद आगे की रणनीति और कदम तय किए जाएंगे।
वहीं, राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला से अलग गोरखालैंड की मांग को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। श्रृंगला ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि चर्चा काफी अच्छी रही है। जिस समाधान की जरूरत है, उसकी शुरुआत हो चुकी है। पंकज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम पहाड़ से जुड़े सभी मुद्दों को देखेगी।
गोर्खा जनमुक्ति मोर्चा के नेता रोशन गिरी ने बताया कि पहाड़ की समस्याओं और लंबे समय से चली आ रही मांगों को केंद्र सरकार के सामने रखने के लिए एक कमेटी गठित की गई है। इस कमेटी के माध्यम से पहाड़ की विभिन्न समस्याओं और मांगों को केंद्र के समक्ष उठाया जाएगा। रोशन गिरी ने कहा कि संवैधानिक नियमों के तहत पहाड़ की सभी समस्याओं के समाधान का रास्ता तलाशा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

