बस और मालवाहक वाहन की टक्कर, नौ यात्री घायल
सिलीगुड़ी, 18 जून (हि.स.)। सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। फूलबाड़ी के बटतला ट्रैफिक प्वाइंट के पास उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की एक यात्री बस और एक मालवाहक वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में नौ यात्री घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे, दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, अलीपुर से सिलीगुड़ी जा रही एनबीएसटीसी की बस जलपाईगुड़ी की ओर से आ रही थी। जैसे ही बस फूलबाड़ी बटतला ट्रैफिक प्वाइंट पर पहुंची, उसी दौरान एक मालवाहक वाहन से उसकी टक्कर हो गई। बस में उस समय करीब 45 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई और नौ यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फूलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट और एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

