home page

कॉलेज छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रेम संबंध को लेकर परिवार ने उठाए सवाल

 | 
कॉलेज छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रेम संबंध को लेकर परिवार ने उठाए सवाल


सिलीगुड़ी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी में एक कॉलेज छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गुरुवार को सामने आया है। मृतका की पहचान प्रिया मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने बुधवार रात मौत की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर भक्तिनगर थाने के अंतर्गत आशीघर पुलिस चौकी का रुख किया है।

मृतका की मां दीपली मंडल की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, प्रिया का पिछले करीब दो वर्षों से कौशभ सरकार के साथ प्रेम संबंध था। परिवार का आरोप है कि इस दौरान शादी का वादा भी किया गया था। शिकायत में दावा किया गया है कि करीब डेढ़ महीने पहले प्रिया को किसी अन्य युवती के साथ कौशभ के संबंधों की जानकारी मिली थी। इस मामले पर बातचीत करने के दौरान कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की गई।

शिकायत के मुताबिक, 25 अक्टूबर को शादी के संबंध में बात करने के लिए प्रिया अपने परिवार के सदस्यों के साथ कौशभ के घर गई थी। वहां कथित तौर पर उन्हें अपमानित किया गया और रिश्ता खत्म करने की बात कही गई।

परिवार के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह प्रिया ने पूजा की, बाजार गई और घरवालों से सामान्य रूप से बातचीत भी की। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद उसे कमरे में मृत पाया गया। प्रिया की मां ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार