12 साल से बंद आदिवासी छात्रावास फिर खुलेगा, भाजपा विधायक ने की पहल
झाड़ग्राम, 15 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के शिलदा चंद्रशेखर महाविद्यालय में आदिवासी विद्यार्थियों के लिए वर्ष 2014 में निर्मित 100 बेड का छात्रावास उद्घाटन के बाद से ही बंद पड़ा है। अब करीब 12 वर्ष बाद इसके जीर्णोद्धार और संचालन की पहल शुरू हुई है। भाजपा विधायक प्रणत टुडू ने छात्रावास का निरीक्षण कर इसे जल्द चालू कराने का भरोसा दिया है।
तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा लाखों रुपये की लागत से बनाए गए इस छात्रावास का उद्देश्य दूर-दराज़ के आदिवासी विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराकर उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना था। हालांकि, निर्माण के बाद से यह भवन कभी उपयोग में नहीं आया और वर्षों से बंद रहने के कारण जर्जर होता चला गया।
स्थानीय छात्रों और शिक्षा प्रेमियों का आरोप है कि पूर्व सरकार ने आदिवासी समुदाय के विकास की उपेक्षा की। उनका कहना है कि यदि समय पर छात्रावास शुरू कर दिया जाता तो बड़ी संख्या में आदिवासी छात्र इसका लाभ उठा सकते थे। उनका आरोप है कि बार-बार मांग उठने के बावजूद छात्रावास को चालू करने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब छात्र और अभिभावक नई उम्मीद जता रहे हैं। उनका मानना है कि नई सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर काम कर रही है और जल्द ही इस छात्रावास को भी चालू किया जाएगा।
महाविद्यालय के छात्र गुरुपद बेरा और ऋतम महंत ने कहा कि छात्रावास की सुविधा नहीं होने के कारण कई अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला इस कॉलेज में नहीं कराते। उनके अनुसार, छात्रावास शुरू होने से विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य सुशांत दोलुई ने बताया कि वर्ष 2023 में पदभार संभालने के बाद उन्होंने छात्रावास को परित्यक्त अवस्था में पाया। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार को कई बार इसकी जानकारी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
भाजपा विधायक प्रणत टुडू ने कहा कि छात्रावास की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। पानी की समस्या का समाधान कर लिया गया है तथा बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन महीनों के भीतर छात्रावास को रहने योग्य बनाकर विद्यार्थियों के लिए खोल दिया जाएगा।
उन्होंने झाड़ग्राम से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कालीपद सोरेन से भी इस परियोजना को शीघ्र पूरा कराने में सहयोग करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

