उत्तरपाड़ा के दो प्रमुख कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष नियुक्त हुए विधायक दीपांजन चक्रवर्ती
हुगली, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती को राजा प्यारी मोहन कॉलेज और स्वामी निस्वम्बलानंद गर्ल्स कॉलेज की गवर्निंग बॉडी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति के बाद शनिवार देर रात विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने उच्च शिक्षा विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक के तौर पर वह इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और कर्तव्यबोध के साथ स्वीकार करते हैं।
उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, पारदर्शिता और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी जताई। विधायक के अनुसार, दोनों कॉलेजों के विकास और शैक्षणिक उत्कृष्टता को आगे बढ़ाने के लिए एक अनुभवी गवर्निंग बॉडी का गठन किया जाएगा।
इस गवर्निंग बॉडी में उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के शैक्षणिक जगत से जुड़े अनुभवी पूर्व शिक्षक, प्रोफेसर और शिक्षाविदों को शामिल किया जाएगा। उनके अनुभव और सामूहिक दृष्टिकोण के आधार पर क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों के समग्र विकास के लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया जाएगा।
विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने कहा कि दोनों संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

