तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान का असर, मूसलाधार बारिश से सुंदरबन में बढ़ी सतर्कता
कोलकाता, 24 सितंबर (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल के समुद्र तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान का असर दिखाई देने लगा है। हालांकि अभी सीधे तौर पर तूफान का सामना नहीं हुआ है, लेकिन सुबह से ही आसमान काले बादलों से ढका हुआ है। कई इलाकों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है। निम्न दबाव के प्रभाव से दक्षिण 24 परगना के तटीय इलाकों में बारिश के साथ तेज झोंकेदार हवाओं का प्रभाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सुंदरबन के विभिन्न इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। नदी घाटों और महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रशासन की ओर से माइकिंग के जरिए लोगों को सतर्क किया जा रहा है। मथुरापुर तटीय थाने की पुलिस की ओर से भी नदी घाट से सटे इलाकों में माइकिंग कर आम लोगों को सावधान किया जा रहा है।
इसके अलावा कैनिंग बस स्टैंड इलाके में भी रात से सुबह तक माइकिंग के जरिए लोगों को सतर्क किया गया।
गंगासागर सहित समुद्र तटीय क्षेत्रों के विभिन्न इलाकों में भी प्रशासन की ओर से सावधानी बरतने का प्रचार शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अनावश्यक रूप से भयभीत नहीं होने और सतर्क रहने की अपील की है।
निम्न दबाव के प्रभाव से नदी मार्गों पर तेज हवाओं और बारिश का असर बढ़ने पर नौका और फेरी सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मछुआरों और नदी मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

