home page

कोयला तस्करी मामला : ईडी ने अवैध वसूली नेटवर्क का किया खुलासा, अभियोजन शिकायत दर्ज

 | 
कोयला तस्करी मामला : ईडी ने अवैध वसूली नेटवर्क का किया खुलासा, अभियोजन शिकायत दर्ज


कोलकाता, 15 अप्रैल (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध कोयला खनन, चोरी और परिवहन से जुड़े एक बड़े मामले में पांच आरोपितों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दायर की है। अधिकारियों के अनुसार यह शिकायत विशेष पीएमएलए अदालत में अनुप माझी, निरंजन मंडल, किरण खान सहित अन्य के खिलाफ दाखिल की गई है।

ईडी ने अपनी जांच पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर-आसनसोल क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपित बड़े पैमाने पर अवैध खनन और कोयले की बिक्री में शामिल थे तथा इसके लिए एक संगठित सिंडिकेट चला रहे थे, जो खनन और परिवहन की पूरी प्रक्रिया को संचालित करता था।

एजेंसी ने आरोप लगाया है कि इस नेटवर्क के जरिए प्रति टन कोयले पर 275 से 1500 रुपये तक की अवैध वसूली की जाती थी, जिससे भारी मात्रा में अवैध कमाई होती थी। ईडी के अनुमान के अनुसार, इस अवैध गतिविधि से वर्षों में 650 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की गई हो सकती है।

जांच के दौरान विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से नकदी, दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। ईडी ने बताया कि अब तक करीब 17.57 करोड़ रुपये की संपत्तियां, जिनमें बैंक बैलेंस और अन्य कीमती सामान शामिल हैं, को जब्त किया गया है।

एजेंसी के अनुसार अपराध से अर्जित धन को छिपाने के लिए उसे कई कंपनियों और बैंक खातों के माध्यम से घुमाया गया। इससे पहले इस मामले में एक आरोपित को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

ईडी ने स्पष्ट किया कि मामले की आगे की जांच जारी है और आने वाले समय में और खुलासे हो सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर