home page

कोल इंडिया कर्मचारियों को बंपर पीएलआर बोनस

 | 

आसनसोल, 03 अक्टूबर (हि. स.)। कोल इंडिया लिमिटेड और उसकी अनुषंगी कंपनियों के कर्मचारियों के लिए दुर्गापूजा से पहले बड़ी खबर है। खान श्रमिक कांग्रेस, भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री महेंद्र गुप्ता ने बताया कि शनिवार को हुई शीर्ष संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख 10 हजार 250 रुपये पीएलआर बोनस देने पर सहमति बनी है। बोनस राशि का भुगतान 15 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

महेंद्र गुप्ता ने बताया कि आज हुई बैठक में कर्मचारी संगठनों और प्रबंधन के बीच पीएलआर बोनस को लेकर चर्चा हुई। चर्चा के बाद इस वर्ष प्रत्येक पात्र कर्मचारी के लिएएक लाख 10 हजार 250 रुपये बोनस की राशि तय की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अक्टूबर को कर्मचारियों को बोनस का भुगतान किया जाएगा।

इस निर्णय का लाभ कोल इंडिया और उसकी विभिन्न अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत पात्र गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को मिलेगा। इनमें ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड और महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड सहित अन्य अनुषंगी कंपनियों के पात्र कर्मचारी शामिल हैं।

पिछले वर्ष कर्मचारियों को एक लाख तीन हजार रुपये पीएलआर बोनस दिया गया था। इस वर्षएक लाख 10 हजार 250 रुपये तय होने से पिछले वर्ष के मुकाबले बोनस में सात हजार 250 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बोनस की राशि बढ़ने और भुगतान की तारीख तय होने से कोयला कर्मचारियों में खुशी है।

ईसीएल के कर्मचारियों के लिए भी यह फैसला महत्वपूर्ण है। पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।

कोल इंडिया में पीएलआर बोनस के साथ बारहवें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते को लेकर भी श्रमिक संगठनों की ओर से लगातार मांग उठाई जा रही है। श्रमिक संगठन वेतन समझौते की प्रक्रिया शुरू करने सहित कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रबंधन के साथ बातचीत कर रहे हैं।

महेंद्र गुप्ता ने कहा कि आज की शीर्ष संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक में पीएलआर बोनस को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय हुआ है। 15 अक्टूबर कोएक लाख 10 हजार 250 रुपये बोनस का भुगतान किया जाएगा। दुर्गापूजा से पहले बोनस मिलने से कोयला कर्मचारियों में त्योहारी उत्साह और बढ़ गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा