मुख्यमंत्री के दौरे से पहले चंदननगर में लावारिस कार को लेकर रहस्य, पे लोडर से हटाई गई
कोलकाता, 13 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के दौरे से पहले शुक्रवार को चंदननगर में एक काली कार को लेकर रहस्य की स्थिति उत्पन्न हो गई। जगद्धात्री पूजा के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत इलाके को खाली कराया जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर खड़ी एक काली कार को हटाने के लिए बार-बार घोषणा की गई, लेकिन कोई उसे हटाने नहीं पहुंचा। अंततः पुलिस ने पे लोडर की सहायता से कार को वहां से हटवा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंदननगर में जगद्धात्री पूजा के भव्य उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचने वाली हैं। उनके दौरे को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। मुख्यमंत्री या किसी अन्य विशिष्ट व्यक्ति के आगमन के दौरान संबंधित क्षेत्र को खाली रखा जाता है। इसी व्यवस्था के तहत पुलिस ने भी कार्यक्रम स्थल और आसपास की सड़कों को खाली कराया था।
इस बीच वहां एक काली कार खड़ी मिली। पुलिस की ओर से बार-बार घोषणा कर वाहन मालिक से कार हटाने का अनुरोध किया गया। घोषणा में पूछा गया कि काली कार किसकी है और उसे तत्काल वहां से हटाया जाए। इसके बावजूद काफी देर तक कोई वाहन हटाने नहीं पहुंचा।
मुख्यमंत्री के दौरे और पूजा उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए इलाके में आम लोगों की भीड़ जुटने की भी संभावना थी। ऐसे में सड़क पर खड़ी कार को लेकर पुलिस की चिंता बढ़ गई। खबर लिखे जाने तक कार के मालिक का पता नहीं चल पाया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

