मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर आरामबाग में प्रशासनिक तैयारियां तेज, हेलिपैड पर हेलीकॉप्टर का ट्रायल रन
आरामबाग, 19 अगस्त (हि. स.)। आरामबाग महकमे में लगातार बिगड़ रही बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को आरामबाग महकमे के बाढ़ प्रभावित इलाकों का मौके पर पहुंचकर जायजा लेंगे। इस दौरान बाढ़ से हुए नुकसान और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों की भी समीक्षा किए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे आरामबाग महकमे में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात, संपर्क व्यवस्था और बाढ़ राहत एवं बचाव की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों की ओर से लगातार काम किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को आरामबाग के हेलिपैड पर हेलीकॉप्टर का ट्रायल रन किया गया। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के संभावित आगमन से पहले की गई इस तैयारियों के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।
हेलीकॉप्टर का ट्रायल रन देखने के लिए हेलिपैड के आसपास स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर लोगों में उत्सुकता और जिज्ञासा देखी गई।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। बैठक में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य, नुकसान का आकलन तथा आगे की रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

