home page

अस्थायी रूप से बढ़ाई गई मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा

 | 
अस्थायी रूप से बढ़ाई गई मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा


कोलकाता, 11 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। सूत्रों के अनुसार, अगले कुछ महीनों तक मुख्यमंत्री की सुरक्षा में दोहरी व्यवस्था लागू रहेगी। यानी केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ-साथ राज्य पुलिस भी उनकी सुरक्षा में तैनात रहेगी।

दिसंबर 2020 में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद से ही शुभेंदु अधिकारी को केंद्रीय सुरक्षा प्राप्त थी। वर्ष 2021 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद भी उनकी सुरक्षा व्यवस्था जारी रही। उस समय राज्य सरकार ने उन्हें पुलिस सुरक्षा देने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया था।

नेता प्रतिपक्ष रहते हुए राज्य के विभिन्न हिस्सों में उन पर हमले की कोशिशों के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया था। शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने तक वह सीआरपीएफ की सुरक्षा घेरे में ही थे।

अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सुरक्षा और मजबूत की जा रही है। अगले कुछ महीनों तक उनकी सुरक्षा में केंद्रीय बलों के साथ राज्य पुलिस भी संयुक्त रूप से तैनात रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय