शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा, राज्य में शुरू होगी ‘सीएम श्री’ योजना
कोलकाता, 5 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के सरकारी स्कूलों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। शनिवार को न्यू टाउन के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘विद्यासागर शिक्षासम्मान’ समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्र की ‘पीएम श्री’ योजना की तर्ज पर राज्य में ‘सीएम श्री’ योजना शुरू करने का ऐलान किया। इसके साथ ही उत्तर बंगाल और राज्य के पश्चिमी हिस्से में खेल उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई है और उन्हें फिर से उत्कृष्टता के स्तर तक पहुंचाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में विशेष रूप से काम करेगी।
‘सीएम श्री’ योजना के तहत प्रत्येक जिले से दो स्कूलों का चयन किया जाएगा। इन स्कूलों में आधुनिक शिक्षण पद्धति लागू करने के साथ स्मार्ट कक्षाएं और डिजिटल प्रयोगशालाएं विकसित की जाएंगी। इन विद्यालयों में बेहतर गुणवत्ता वाले शिक्षकों की नियुक्ति पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए उत्तर बंगाल और पश्चिमांचल में दो ‘खेल उत्कृष्टता केंद्र’ बनाने की घोषणा की। इन केंद्रों में स्कूल सेवा आयोग के माध्यम से प्रशिक्षक, खेल शिक्षक और शारीरिक प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भाग लेने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में खो-खो, कबड्डी और फुटबॉल जैसे पारंपरिक खेलों को फिर से बढ़ावा देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने ब्रतचारी आंदोलन और उससे जुड़े खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को भी विद्यालयों में मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोलकाता के मित्र इंस्टीट्यूशन में एक छात्र को सांप के काटने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को पिछले तीन वर्षों से समग्र अनुदान की राशि नहीं मिलने के कारण स्कूलों के रोजमर्रा के रखरखाव में भी परेशानी हुई है। उनका कहना था कि इसी राशि से ब्लीचिंग पाउडर और कार्बोलिक एसिड जैसी जरूरी चीजें खरीदी जाती हैं।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति को लेकर भी आश्वासन दिया और कहा कि स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार कदम उठाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

