home page

मिथुन चक्रवर्ती के घर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, बोले- बंगाल में परिवर्तन के प्रमुख शिल्पकार हैं ‘महागुरु’

 | 
मिथुन चक्रवर्ती के घर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, बोले- बंगाल में परिवर्तन के प्रमुख शिल्पकार हैं ‘महागुरु’


शुभेंदु से बेहतर बंगाल का मुख्यमंत्री हो ही नहीं सकता-मिथुन

कोलकाता, 16 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार सुबह भाजपा नेता और वरिष्ठ अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के न्यू टाउन स्थित आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु की मिथुन के साथ यह पहली अलग बैठक थी। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक चर्चा हुई।

मुलाकात के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन लाने और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में मिथुन चक्रवर्ती की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा, “मिथुन दा राज्य में भाजपा की जीत के प्रमुख शिल्पकारों में से एक हैं। पार्टी ने मुझे मुख्यमंत्री बनाया, उसके पीछे भी उनका योगदान है। पिछले छह वर्षों से उन्होंने निस्वार्थ भाव से बंगाल में परिवर्तन लाने के लिए अथक मेहनत की है।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “मिथुन दा ने मुझसे मिलने की इच्छा जताई थी। मैंने उनसे कहा कि आप क्यों आएंगे? आपके द्वारा तैयार किया गया मुख्यमंत्री ही आपके पास आएगा।” शुभेंदु की यह बात सुनकर मिथुन चक्रवर्ती ने उन्हें गले लगा लिया।

शुभेंदु अधिकारी ने मिथुन की लोकप्रियता की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “मिथुन दा की लोकप्रियता सिर्फ भाजपा तक सीमित नहीं है। वह उससे कहीं आगे हैं। मैं आठवीं कक्षा के बाद ज्यादा फिल्में नहीं देख पाया, लेकिन मिथुन दा अलग ही स्तर के कलाकार हैं। वह ‘महागुरु’ हैं और मैं उनका आशीर्वाद लेने आया हूं।”

वहीं, मिथुन चक्रवर्ती ने भी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “शुभेंदु से बेहतर मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल को नहीं मिल सकता। मैं इसकी गारंटी देता हूं। शपथ लेने के बाद से ही वह लगातार काम कर रहे हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसा मुख्यमंत्री मिला है। मैं पूरी तरह उनके साथ हूं।”

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले मिथुन चक्रवर्ती ने राज्यभर में भाजपा के पक्ष में जोरदार प्रचार किया था। शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान मिथुन ने लोगों से जो वादे किए थे, उन्हें अब पूरा किया जाएगा। इसी संबंध में दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई।

मिथुन ने भी कहा, “जहां-जहां जो वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जो जिम्मेदारी दी है, मैं उसका पूरी निष्ठा से पालन करूंगा।”

मुलाकात के बाद शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मिथुन चक्रवर्ती ने 2021 से लेकर 2026 में भाजपा सरकार बनने तक पश्चिम बंगाल में बदलाव और राज्य का गौरव वापस लाने के लिए लगातार मेहनत की। उन्होंने राज्य के हर कोने में जाकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया और महिलाओं तथा राष्ट्रवादी लोगों के खिलाफ अत्याचारों के मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय