मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए की बड़ी घोषणाएं, मुफ्त बिजली और पक्के भवन का ऐलान
कोलकाता, 28 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य के समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में आयोजित 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में ये महत्वपूर्ण ऐलान किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन में बढ़ोतरी का फैसला राज्य मंत्रिमंडल पहले ही ले चुका है, और अब राज्य में आंगनवाड़ी केंद्रों के संपूर्ण कायाकल्प (अपग्रेडेशन) का भी प्रस्ताव है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले दिनों में सरकार सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को मुफ्त बिजली मुहैया कराएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, इस साल अगस्त में आंगनवाड़ी कर्मचारियों के वेतन में 5,000 रुपये प्रति माह की वृद्धि की गई थी। इसके साथ ही उन्हें 'आयुष्मान भारत' योजना में भी शामिल किया गया है। इस योजना के तहत अब देश के सरकारी और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में जो आंगनवाड़ी केंद्र वर्तमान में किराए के परिसरों में चल रहे हैं, जल्द ही उनके अपने पक्के भवन होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया, इस समय 19,000 आंगनवाड़ी केंद्र किराए के परिसरों से संचालित हो रहे हैं। भविष्य में ये राज्य सरकार के स्वामित्व वाले परिसरों में होंगे। इसके लिए धनराशि भी आवंटित कर दी गई है। उन्होंने अगले राज्य बजट में आईसीडीएस कर्मचारियों और केंद्रों के लिए अधिक बजटीय आवंटन करने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उपस्थित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, आईसीडीएस कार्यकर्ता एक मायने में बच्चों की पहली शिक्षिका होती हैं, और बच्चे ही हमारे देश का भविष्य हैं। इस तरह देखा जाए तो देश का भविष्य भी इन्हीं कार्यकर्ताओं के हाथों में सुरक्षित है।
नवीन ने मुख्यमंत्री शुभेंदु के कामकाज की प्रशंसा करते हुए भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सर्वांगीण विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा, मैं आईसीडीएस केंद्रों से जुड़ी सभी बहनों को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपका भाई शुभेंदु अधिकारी हमेशा आपके साथ और आपके लिए खड़ा है। इसलिए, पूरे समर्पण के साथ अपना यह नेक काम जारी रखें।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

