home page

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने डायमंड हार्बर से शुरू किया जिला दौरा

 | 
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने डायमंड हार्बर से शुरू किया जिला दौरा


दक्षिण 24 परगना, 16 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले जिला दौरे की शुरुआत डायमंड हार्बर से की। यह क्षेत्र तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी का लोकसभा क्षेत्र है।

मुख्यमंत्री ने डायमंड हार्बर स्थित सरकारी पर्यटन आवास ‘सागरिका’ में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में दक्षिण 24 परगना के जिलाधिकारी, डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल भी बैठक में शामिल हुए।

दूसरी ओर, डायमंड हार्बर से तृणमूल कांग्रेस विधायक पन्नालाल मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी और वह लौट गए।

मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी की नजर अब तथाकथित “डायमंड हार्बर मॉडल” पर है। उन्होंने जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा सभी थानों के पुलिस अधिकारियों के साथ भी बैठक की।

पिछले कुछ समय से जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। चुनाव बाद हिंसा के आरोप भी सामने आए हैं। शुक्रवार को तृणमूल विधायक पन्नालाल हल्दार ने भी विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री घुसपैठ, चुनाव बाद हिंसा और कानून-व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर प्रशासन को दिशा-निर्देश दे सकते हैं।

इधर, फलता विधानसभा क्षेत्र में चुनाव होने हैं। प्रशासनिक बैठक के बाद वहां भाजपा की कार्यकर्ता सभा आयोजित की गई है, जिसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

इसके बाद मुख्यमंत्री के नंदीग्राम जाने का कार्यक्रम है। हालिया विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर — दोनों सीटों से विजयी हुए थे, लेकिन नियम के अनुसार उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ी। उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय