आंधी-तूफान में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सौंपा मुआवजा
कोलकाता, 31 मई (हि.स.)। गत 29 मई को आए प्राकृतिक आपदा एवं कालबैसाखी तूफान के दौरान जान गंवाने वाले भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासी प्रवीन कुमार ठाकुर के परिवार को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को मृतक के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से मुआवजे का चेक सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
उल्लेखनीय है कि 29 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम के कारण कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ था। इसी प्राकृतिक आपदा के दौरान भवानीपुर निवासी प्रवीन कुमार ठाकुर की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई थी।
मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सहायता के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है।
मुआवजे का चेक प्राप्त करने के बाद परिवार के सदस्यों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

