पांच किलोमीटर दंडवत कर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मिलने पहुंचा समर्थक
कोलकाता, 21 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दुर्गापुर दौरे के दौरान गुरुवार को आस्था और समर्थन की एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली। श्रीकांत नामक एक समर्थक करीब पांच किलोमीटर तक दंडवत प्रणाम करते हुए मुख्यमंत्री से मिलने दुर्गापुर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दुर्गापुर के सृजनी सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक शुरू होने से पहले ही श्रीकांत ने अपनी श्रद्धा और समर्थन व्यक्त करने के लिए यह अनोखी दंडवत यात्रा शुरू की। सड़क पर दंडवत करते हुए आगे बढ़ रहे श्रीकांत को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
राहगीर और स्थानीय लोग इस दृश्य को देखकर हैरान रह गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
श्रीकांत ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उनके प्रेरणास्रोत हैं और उनके प्रति सम्मान तथा समर्थन जताने के लिए उन्होंने यह दंडवत यात्रा की। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पहले से ही दुर्गापुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक बैठक में कई जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

