सिक्किम सुरंग हादसे पर पश्चिम बंगाल सरकार ने बढ़ाया सहयोग का हाथ, शुभेंदु अधिकारी ने प्रेम सिंह तमांग से की बात
कोलकाता, 21 जुलाई (हि.स.)। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना की सुरंग ढहने की दुखद घटना के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सिक्किम सरकार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर हर तरह का सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर जारी संदेश में कहा कि नामची जिले के समरदुंग-झोलुंगे क्षेत्र में निर्माणाधीन एनएचपीसी तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग ढहने की घटना से वह बेहद दुखी और चिंतित हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आशंका है कि हादसे में प्रभावित कुछ श्रमिक पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के निवासी हो सकते हैं। इसी कारण राज्य सरकार स्थिति पर विशेष नजर रख रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य के मंत्री विशाल लामा और दार्जिलिंग के जिलाधिकारी को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में समन्वय स्थापित किया जा सके और जरूरतमंदों को तत्काल सहायता मिल सके। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के गृह सचिव भी लगातार सिक्किम प्रशासन के संपर्क में हैं और बचाव अभियान की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री को इस कठिन समय में पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों के सुरक्षित बाहर निकाले जाने की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नामची जिले के समरदुंग क्षेत्र में निर्माणाधीन एनएचपीसी तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में कथित रूप से मीथेन गैस विस्फोट के बाद सुरंग का एक हिस्सा ढह गया। इस हादसे में अब तक कम से कम 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई श्रमिकों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

