home page

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर किया व्यापक फेरबदल

 | 
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर किया व्यापक फेरबदल


कोलकाता, 10 मई (हि. स.)। नई सरकार के गठन के साथ ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर बड़े फेरबदल शुरू कर दिए हैं। सत्ता संभालते ही उन्होंने पुलिस महकमे में व्यापक तबादलों का फैसला लिया है।

सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले 93 पुलिस अधिकारियों का पहले चरण में तबादला कर दिया गया है। इनमें डीसी स्तर के अधिकारी, थाना प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर और अन्य कई पुलिसकर्मी शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उनमें से अधिकांश पहले सत्तारूढ़ पार्टी के वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े हुए थे। नई सरकार ने इन अधिकारियों को राज्य के विभिन्न दूरदराज जिलों में भेजने का निर्णय लिया है।

तबादला सूची के अनुसार कई अधिकारियों को कोचबिहार, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और अलीपुरद्वार भेजा जा रहा है। जबकि कुछ अधिकारियों की पोस्टिंग सुंदरबन क्षेत्र और पश्चिमी इलाके पुरुलिया जैसे जिलों में भी की गई है।

सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी नहीं चाहते कि ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले अधिकारी कोलकाता और उसके आसपास के महत्वपूर्ण पदों पर बने रहें। इसी बीच मुख्यमंत्री सोमवार को नवान्न में लगातार कई अहम बैठकों की तैयारी करेंगे।

सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे सचिवों के साथ उनकी पहली बड़ी बैठक होगी। इसके बाद डेढ़ बजे विधायकों के साथ बैठक प्रस्तावित है। शाम चार बजे सभी जिलाधिकारियों के साथ प्रशासनिक समीक्षा बैठक होगी, जबकि शाम पांच बजे डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा करेंगे।

प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शुरुआती बैठकों में किस तरह का कड़ा संदेश या निर्देश देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा