मुख्यमंत्री शुभेंदु का आरोप - तृणमूल के शासन में कोलकाता और आसपास के इलाकों में पांच हजार तालाब पाटे गए
कोलकाता, 12 अक्टूबर (हि. स.)। पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कोलकाता और आसपास के इलाकों में पांच हजार तालाबों को पाटे जाने का आरोप मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लगाया है। सोमवार को टालीगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कोलकाता नगर निगम के एक कार्यक्रम में उन्होंने यह आरोप लगाया। नवंबर के अंतिम सप्ताह में होने वाले कोलकाता नगर निगम चुनाव से पहले अपनी सरकार के कामकाज का ब्योरा रखते हुए उन्होंने तालाब पाटने के लिए तृणमूल के पार्षदों को जिम्मेदार ठहराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जोका और हरिदेवपुर से लेकर बारासात और मध्यमग्राम तक केएमडीए के इलाके में पिछली सरकार और 'स्क्वायर फुट पार्षदों' ने पांच हजार तालाब पाट दिए। कोलकाता के पर्यावरण को बर्बाद करने के लिए जो कुछ करना जरूरी था, वह सब उन्होंने किया। इसलिए यहां छोटा काम होने पर भी वह बहुत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बोरो-11 के वार्ड संख्या 114 के अंतर्गत हो रहा है, जहां ईंटखोला-1 और ईंटखोला-2 के हरित क्षेत्र और जलाशयों को पुनर्जीवित किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस काम के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने संयुक्त रूप से दो परियोजनाओं में धन आवंटित किया। एक परियोजना पर पांच करोड़ 79 लाख 28 हजार 329 रुपये और दूसरी पर तीन करोड़ 58 लाख 87 हजार 988 रुपये खर्च हुए हैं। नए सिरे से संवारे गए दोनों जलाशयों का नाम मुख्यमंत्री ने 'शिव जलाशय' और 'शक्ति जलाशय' रखा है।
निगम के सीवरेज विभाग को केंद्र सरकार की एनडीएमएफ परियोजना के तहत करीब 500 करोड़ रुपये का विशेष अनुदान मिला है। बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल विकास कार्यों पर भी यह राशि खर्च की जानी है। इसी उद्देश्य से विभाग ने पुराने तालाबों के जीर्णोद्धार का काम हाथ में लिया है। कुदघाट मेट्रो स्टेशन के नीचे आदि गंगा के उस पार पूर्व पुटियारी बाजार स्थित है। वहां से सीधे आगे बढ़ने पर बाईं ओर लगातार दो बड़े जलाशयों को नए सिरे से सजाया गया है। बाहरी गंदगी से पानी को दूषित होने से बचाने के लिए दोनों तालाबों के चारों ओर चहारदीवारी बनाई गई है। एक जलाशय करीब चार एकड़ और दूसरा करीब तीन एकड़ क्षेत्र में फैला है। मुख्यमंत्री का दावा है कि नए सिरे से मिट्टी की खुदाई कर लगभग सूख चुके तालाबों को अतिक्रमण से बचाया गया है। फिलहाल तालाबों के घाट बांधने का काम चल रहा है और मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के एक चरण का उद्घाटन किया।
नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी मंत्री बहुत काम करने वाली हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जिन्होंने कुछ नहीं किया। मंत्री बेहद सक्रिय होकर काम करती हैं, दफ्तर में भी बैठती हैं और सड़क पर उतरकर भी काम करती हैं। उन लोगों को बहुत तकलीफ और जलन है। हाथ में मोबाइल फोन है और साथ में सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म हैं। मैंने मंत्री से कहा है कि उन्हें नजरअंदाज करें। जनता उन्हें खारिज कर चुकी है। आगे भी कोलकाता नगर निगम के चुनाव में वे खारिज होंगे।
इसके साथ ही शुभेंदु ने टालीगंज की विधायक पापिया अधिकारी को जीत के लिए बधाई दी। अरूप विश्वास का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पापिया दी ने एक बड़े नेता और मंत्री को हराया है, इसलिए उन्हें धन्यवाद देना ही होगा। नाम लिए बिना ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार दुर्गापूजा के लिए मुख्यमंत्री की अनुमति नहीं लेनी पड़ेगी। पंचांग के अनुसार पूजा कीजिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

