home page

कालीघाट बवाल मामला : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दी चेतावनी, बोले- 'पुलिस पर हाथ उठाने वालों को नहीं छोड़ेंगे'

 | 
कालीघाट बवाल मामला : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दी चेतावनी, बोले- 'पुलिस पर हाथ उठाने वालों को नहीं छोड़ेंगे'


कोलकाता, 09 नवंबर (हि. स.)। अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन समारोह के दौरान कोलकाता के कालीघाट इलाके में शुक्रवार रात और शनिवार दिनभर चले हंगामे और पुलिस पर हमले को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। सोमवार को दीघा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि पुलिस पर हाथ उठाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर हुई इस अशांति के पीछे एकबालपुर के लोगों का हाथ था।

'पुलिस पर हमले को लेकर जीरो टॉलरेंस'

कालीघाट बवाल के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने गई पुलिस टीम पर हमले और एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारे जाने की घटना पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मैं किसी का नाम लेकर उसे हीरो नहीं बनाना चाहता। लेकिन यदि कोई पुलिस को थप्पड़ मारता है, हाथापाई पर उतारू होता है, आंख दिखाता है या सरकारी काम में बाधा डालते हुए धमकी देता है, तो उसके खिलाफ उपयुक्त धाराओं में मामला दर्ज होना ही चाहिए।

राज्य के प्रशासनिक प्रमुख और पुलिस मंत्री के नाते अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। सरकारी काम में बाधा डालने वाले जिन लोगों की वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान हुई है, उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल होगी और हिरासत में लेकर मुकदमा (कस्टडी ट्रायल) भी चलाया जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

'गुंडे हरीश चटर्जी या हरीश मुखर्जी रोड के नहीं, एकबालपुर के थे'

इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें कालीघाट क्षेत्र का तृणमूल नेता बताया जा रहा है। इन गिरफ्तारियों को लेकर डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुलिस प्रशासन और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए हैं।

इन सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए लोग स्थानीय निवासी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जो गुंडे पकड़े गए हैं, वे हरीश चटर्जी स्ट्रीट या हरीश मुखर्जी रोड के निवासी नहीं हैं। वे एकबालपुर के लोग हैं। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर रात 2 बजे एकबालपुर के कुछ 'विशेष' लोग अभिषेक बनर्जी के घर के सामने क्या कर रहे थे?

मुख्यमंत्री ने इस बात की भी पुष्टि की कि पुलिस प्रशासन को इस पूरी घटना में सख्त से सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि भविष्य में कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने की ऐसी किसी भी जुर्रत को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा