मीरा देवी को अस्पताल में देखने पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता, 23 अगस्त (हि. स.)। पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा देवी पिछले दो दिनों से पेट की समस्या के कारण अलीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। शनिवार शाम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने मीरा देवी से भी मुलाकात की।
बताया जा रहा है कि फिलहाल मीरा देवी की हालत स्थिर है। उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबर सुनकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने हाथ जोड़कर मीरा देवी से आशीर्वाद भी लिया।
बुद्धदेव भट्टाचार्य और मीरा भट्टाचार्य से शुभेंदु अधिकारी का लंबे समय से परिचय रहा है। सत्ता परिवर्तन के बाद मीरा देवी ने शुभेंदु सरकार पर भरोसा जताया था। उन्होंने कहा था कि शुभेंदु अधिकारी बुद्धदेव भट्टाचार्य के सपनों को पूरा करेंगे।
बुद्धदेव भट्टाचार्य के कार्यकाल में राज्य में औद्योगिकीकरण को लेकर काफी जोर दिया गया था। उनका मानना था कि युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए राज्य में उद्योगों का विकास जरूरी है। सत्ता परिवर्तन के बाद डानकुनी और बांकुड़ा सहित कई इलाकों में नए उद्योग शुरू होने का दावा किया गया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हाथों मेजिया में श्याम स्टील के कारखाने की नई इकाई की आधारशिला भी रखी गई है। इन तमाम विकास कार्यों की जानकारी मीरा देवी तक भी पहुंची है और उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति अपना भरोसा जताया है।
बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन के बाद मीरा देवी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी और वह बेहद सादगीपूर्ण जीवन जी रही थीं। हालांकि सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा फिर से बहाल करने का फैसला किया। उस समय मीरा देवी ने कहा था कि बुद्धदेव बाबू के निधन के बाद उनकी सुरक्षा हटा दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि मुख्यमंत्री ने अगर उनके बारे में सोचकर यह फैसला लिया है, तो यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

