हरीश चटर्जी स्ट्रीट के पूजा पंडालों का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु, बवाल में प्रभावित मूर्तिकारों को देंगे मुआवजा
कोलकाता, 09 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री एवं भवानीपुर के विधायक शुभेंदु अधिकारी मंगलवार शाम कालीघाट के हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित कई काली पूजा पंडालों का दौरा करेंगे।
प्रशासन सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास वाली गली में आयोजित कई पूजा कमेटियों ने मुख्यमंत्री को अपने पंडाल में आमंत्रित किया था। इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री मंगलवार को वहां उपस्थित रहेंगे। हालांकि, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य केवल प्रतिमा दर्शन नहीं है, बल्कि कालीघाट के स्थानीय व्यापारियों और मूर्तिकारों के साथ मजबूती से खड़े होना है।
आरोप है कि बीते छह और सात नवंबर की रात पूर्व मुख्यमंत्री के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के जश्न के दौरान इलाके में व्यापक उपद्रव हुआ था। नशे में धुत युवकों के उत्पात के कारण पटुआपाड़ा के कई मूर्तिकारों की मूर्तियां और काम का सामान नष्ट हो गया था। साथ ही आसपास के पूजा सामग्री विक्रेताओं को भी काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इस अप्रिय घटना के बाद प्रभावित मूर्तिकारों और व्यापारियों ने भवानीपुर स्थित विधायक सह मुख्यमंत्री कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत पाकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मंगलवार शाम कालीघाट जाकर मुख्यमंत्री प्रभावित कारीगरों और दुकानदारों से सीधे मुलाकात करेंगे। वह उनके नुकसान का विस्तृत विवरण सुनेंगे और उन्हें अपनी ओर से आर्थिक मुआवजा प्रदान करेंगे।
प्रशासन सूत्रों के अनुसार, प्रभावितों से विस्तृत जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री इलाके की समग्र सुरक्षा और मामले की जांच की प्रगति को लेकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा भी कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि छह और सात नवंबर को हुए इस उपद्रव के मामले में पुलिस अब तक तृणमूल कांग्रेस के नेता श्रीदीप दास, मोहम्मद तौकीर आलम और मोहम्मद इरशाद को गिरफ्तार कर चुकी है। इस घटना में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर सघन पड़ताल की जा रही है।
राजनीतिक और प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि पूर्व मुख्यमंत्री के प्रभाव वाले हरीश चटर्जी स्ट्रीट में मौजूदा मुख्यमंत्री की यह भौतिक उपस्थिति और सीधे पीड़ितों की मदद करने का यह कदम राजनीतिक तथा प्रशासनिक, दोनों ही दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

