home page

बंगाल में उपद्रव बर्दाश्त नहीं, कॉकरोच आंदोलन पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सख्त संदेश

 | 

कोलकाता, 15 अक्टूबर (हि. स.)। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्ष के आंदोलन को लेकर मचे बवाल के बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त प्रतिक्रिया दी है कि वह बंगाल में इस तरह की किसी भी गतिविधि को पनपने नहीं देंगे। गुरुवार को पंचमी के अवसर पर पूर्व मेदिनीपुर के पांशकुड़ा स्थित मेचोग्राम समाजशिक्षा केंद्र और व्यवसायी समिति की दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने यह कड़ी चेतावनी दी।

इस आंदोलन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के भीतर से ही अशांति पैदा कर राष्ट्र को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित तरीके से हमला करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे और अधिक सख्ती के साथ निपटने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार पश्चिम बंगाल में किसी भी कीमत पर ऐसी अराजकता को पैर पसारने की अनुमति नहीं देगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पांशकुड़ा के विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पांशकुड़ा क्षेत्र का विकास कार्य किसी भी हाल में बाधित नहीं होगा। स्थानीय विधायक सिंटू सेनापति के नेतृत्व में विकास की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी और विकास कार्यों के लिए धन की कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि पश्चिम पांशकुड़ा विधानसभा क्षेत्र को जल्द ही एक 'मॉडल विधानसभा' के रूप में विकसित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा