'मालदा में गंगा कटाव रोकने का संकल्प', मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मानिकचक में बाढ़ पीड़ितों को दी आर्थिक सहायता
कोलकाता, 08 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को मालदा जिले के मानिकचक का दौरा कर बाढ़ और गंगा नदी के कटाव से प्रभावित लोगों को बड़ी राहत दी है। निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री ने जिले के बाढ़ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़े होने का स्पष्ट संदेश दिया। मानिकचक बीएसएस हाई स्कूल के मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने नदी कटाव और बाढ़ के कारण बेघर हुए 24,595 लोगों को नए घर के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की।
मंच से मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर इस पुनर्वास परियोजना का विधिवत उद्घाटन किया। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से यह आर्थिक सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। घोषणा के अनुसार, जिन लोगों के घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, उनमें से प्रत्येक को 1 लाख 80 हजार रुपये की राशि मिलेगी। वहीं, जिनके घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है, उन्हें 90 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने हाथों से कुछ पीड़ितों को राहत सामग्री और दुर्गा पूजा के उपहार भी सौंपे। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधा और कहा, पिछले 50 वर्षों से किसी ने इन पीड़ित लोगों के बारे में नहीं सोचा। इन लोगों का दुख दूर करने के लिए जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं किया गया। मैंने पहले दिन से ही इन लोगों की चिंता की है।
जनता को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, कोई यह न सोचे कि मुख्यमंत्री केवल भाषण देकर अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो रहे हैं। हेलीकॉप्टर से यहां आते समय मैंने 20 मिनट तक हर तबाह हुए गांव, टूटी सड़क और क्षतिग्रस्त बांध की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण किया है। मैंने अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो भी बनाकर रखा है। मैं आज आप सभी को इस पीड़ा और बदहाली से मुक्ति दिलाने का संकल्प लेकर ही कोलकाता लौटूंगा।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बताया कि इस जनसभा के तुरंत बाद वह रतुआ और मानिकचक इलाकों में बाढ़ और कटाव की स्थायी समस्या के समाधान की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

