कालीघाट में ममता के भाई की काली पूजा में पहुंचे शुभेंदु, पैर छूकर बाबुन ने कहा, दादा हम आपके साथ हैं
कोलकाता, 10 नवंबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस बार काली पूजा पर कई पंडालों का उद्घाटन किया है। इसी कड़ी में मंगलवार को वह पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुहल्ले में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने न केवल ममता बनर्जी के भाई बाबुन बनर्जी की पूजा में शिरकत की, बल्कि उनका मान भी रखा। बाबुन ने फूलों की माला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान वहां एक बिल्कुल अलग ही तस्वीर देखने को मिली। बाबुन बनर्जी ने शुभेंदु के पैर छूकर उन्हें प्रणाम किया और कहा कि दादा आप आगे बढ़िए, हम आपके साथ हैं। इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में जोरदार चर्चा शुरू हो गई है।
काली पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुहल्ले हरीश चटर्जी स्ट्रीट में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे थे। वह यहां बाबुन बनर्जी द्वारा आयोजित काली पूजा में शामिल हुए। शुभेंदु को अपने सामने पाकर बाबुन ने काफी उत्साह जताया। उन्होंने फूल और माला से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बाबुन केवल औपचारिक स्वागत तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। इसके साथ ही उन्होंने उनके साथ खड़े रहने का संदेश भी दिया।
बाबुन ने स्पष्ट रूप से कहा कि मैं इस मुख्यमंत्री के साथ हूं और आगे भी रहूंगा। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी पंडाल में मां काली की आरती उतारी।
बाबुन बनर्जी के क्लब की काली पूजा में शामिल होने के बाद शुभेंदु अधिकारी पैदल ही ममता बनर्जी के आवास के सामने से होते हुए एक अन्य पूजा पंडाल में गए। वहां भी उन्होंने देवी के समक्ष प्रार्थना की और पूजा समिति के सदस्यों के साथ बातचीत की। बहरहाल, मंगलवार शाम को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के परिवार के सदस्य की पूजा में मुख्यमंत्री की इस उपस्थिति ने स्वाभाविक रूप से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

