home page

पुरसूरा से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की किसानों को बड़ी सौगात, बाढ़ पीड़ितों को 1.80 लाख रुपये का मुआवजा

 | 
पुरसूरा से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की किसानों को बड़ी सौगात, बाढ़ पीड़ितों को 1.80 लाख रुपये का मुआवजा


हुगली, 05 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को हुगली जिले के पुरसूरा में 'किसान सम्मान निधि' योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने आपदा से प्रभावित किसानों के खातों में सहायता राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आने वाले समय में किसानों को 'कृषक बंधु' योजना का लाभ भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे की घोषणा करते हुए कहा कि जिन किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है, उन्हें 1.80 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, आंशिक नुकसान झेलने वाले किसानों को 90 हजार रुपये और मामूली नुकसान वाले किसानों को 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बाढ़ से प्रभावित भूतनी चर के 10 हजार 750 किसानों को बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा, करीब चार लाख किसानों को बिजली पर प्रति यूनिट दो रुकपए सब्सिडी दी गई है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित 46 लाख किसानों को मुआवजा देने का आश्वासन भी दिया। इनमें से कई किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पहली किस्त मिल चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कृषक बंधु योजना को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि 40 डिसमिल से अधिक जमीन रखने वाले किसानों को सालाना छह हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि दो किस्तों में किसानों के खातों में भेजी जाएगी।

आलू किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली तृणमूल सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में राज्य से बाहर आलू भेजने पर रोक लगाई जाती थी, जिसके कारण आलू खराब होता था और किसानों को उचित कीमत नहीं मिलती थी।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब पश्चिम बंगाल के आलू किसान दूसरे राज्यों में भी आलू भेज सकेंगे। सड़क मार्ग से ट्रकों और रेलगाड़ियों के जरिए आलू के निर्यात पर प्रति क्विंटल 50 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।

इसके साथ ही आलू को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में लाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमा प्रीमियम में किसानों की हिस्सेदारी भी माफ की जाएगी और उसका भुगतान पश्चिम बंगाल सरकार करेगी।

पुरसूरा की सभा में मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं को राज्य के किसानों, विशेषकर बाढ़ प्रभावित किसानों और आलू उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय