केंद्रीय एजेंसियों के जरिए राज्य में डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है -ममता बनर्जी
आसनसोल, 13 अप्रैल (हि.स.)। दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित चतुरंग मैदान में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा निशाना साधा। तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित इस सभा में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाहरी राज्यों से लोगों को लाकर बंगाल में चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की रैलियों और प्रचार में स्थानीय लोगों की भागीदारी कम होती है और बाहर से लोगों को लाकर माहौल बनाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के जरिए राज्य में डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन बंगाल की जनता इस तरह की राजनीति से डरने वाली नहीं है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा के चुनावी वादों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि अन्य राज्यों में किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने जनता से सतर्क रहने और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल की संस्कृति में विभाजनकारी राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है और राज्य की जनता हमेशा एकजुट होकर ऐसे प्रयासों का विरोध करती आई है।
मुख्यमंत्री ने दुर्गापुर के औद्योगिक क्षेत्रों में नौकरी को लेकर उठ रही शिकायतों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी घूस लेकर बाहरी लोगों को नौकरी दी जा रही है और स्थानीय युवाओं को वंचित किया जा रहा है, इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और स्थानीय युवाओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा।
सभा में दुर्गापुर पूर्व तथा पश्चिम के उम्मीदवार
कवि दत्त, प्रदीप मजूमदार, पाण्डेश्वर के नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती, आसनसोल के मलय घटक, जामुड़िया के हरेराम सिंह, बर्दवान दुर्गापुर के सांसद कीर्ति आजाद, पूर्व मेयर अपूर्व मुखर्जी, तृणमूल प्रदेश सचिव वी शिवदासन, उत्तम मुखर्जी, कलीमूल हक, धर्मद्र यादव, महिला जिलाध्यक्ष असीमा चक्रवती, निगम की प्रशासक श्रीमती अनिंदिता मुखर्जी समेत
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल नजर आया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

