मुख्यमंत्री ने किया आसनसोल का औद्योगिक गौरव लौटाने का वादा
आसनसोल, 05 नवंबर (हि.स.)।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को नाकड़ासता बड़ो दिघारी जनकल्याण समिति की काली पूजा का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मां काली के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा पंडाल और प्रतिमा का अनावरण किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने आसनसोल के औद्योगिक गौरव को वापस लौटाने और बड़े पैमाने पर निवेश के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का दावा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वेदांता समूह के प्रमुख अनिल अग्रवाल ने हाल ही में नवान्न में उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने आसनसोल में दोबारा प्लांट स्थापित करने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री के अनुसार, वेदांता समूह यहां चरणबद्ध तरीके से 70 से 80 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर सकता है, जिससे करीब 10 हजार स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आसनसोल में कंपनी की पहले से जमीन और कारखाना मौजूद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र बंगाल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हुआ करता था। डॉ. विधानचंद्र राय के समय यहां कई बड़े उद्योग स्थापित हुए थे, लेकिन कोयला माफिया, बालू माफिया, भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज के कारण औद्योगिक विकास प्रभावित हुआ। अब सेल, इस्को और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के आधुनिकीकरण के साथ इस क्षेत्र को फिर से औद्योगिक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने रोजगार के अभाव में युवाओं के दूसरे राज्यों में पलायन पर चिंता जताई। साथ ही कहा कि पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और गौरव को वापस स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर और प्रशासक को पेयजल, जल निकासी तथा जर्जर सड़कों की मरम्मत पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचित नगर निगम के जिम्मेदारी संभालने तक लोगों को बुनियादी नागरिक सुविधाएं मिलनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि छठ पूजा के बाद वह पश्चिम बर्दवान जिले का दौरा कर प्रशासनिक समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें केंद्र और राज्य सरकार के औद्योगिक एवं प्रशासनिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर जिले के विकास की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
काली पूजा, दीपावली और छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

