home page

उत्तर बंगाल दौरे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, जलपाईगुड़ी-सिलीगुड़ी में कई कार्यक्रम

 | 

सिलीगुड़ी, 27 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को उत्तर बंगाल के दौरे पर रहेंगे। जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी में उनके कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम निर्धारित हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर बागडोगरा के लिए रवाना होंगे। बागडोगरा पहुंचने के बाद वह हेलीकॉप्टर से जलपाईगुड़ी जाएंगे।

जलपाईगुड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले जिला प्रशासनिक भवन (डीएम कार्यालय) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से प्रसिद्ध जलपेश मंदिर पहुंचेंगे, जहां विशेष पूजा-अर्चना में भाग लेंगे।

दोपहर करीब दो बजे मुख्यमंत्री सिलीगुड़ी स्थित मिनी शाखा सचिवालय उत्तरकन्या पहुंचेंगे। यहां वित्त मंत्री की मौजूदगी में प्रशासनिक समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगी।

शाम चार बजे मुख्यमंत्री सिलीगुड़ी के बर्धमान रोड पर नवनिर्मित फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उत्तरकन्या के निकट स्थित हेलिपैड पर हेलीकॉप्टर का ट्रायल रन पूरा कर लिया गया है।

पूरे परिसर को फ्लेक्स और बैनरों से सजाया गया है तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार