मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर नारायणगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
मेदिनीपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। बाखराबाद से सटे रनवे के किनारे तैयार किए गए हेलीपैड क्षेत्र को कड़ी सुरक्षा के घेरे में रखा गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहने वाले कर्मी पहले ही हेलीपैड क्षेत्र में पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए लगभग नौ स्कॉर्पियो वाहनों का एक काफिला भी तैयार रखा गया है। हेलीपैड क्षेत्र के आसपास पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज दिखाई दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सबंग में प्रशासनिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नारायणगढ़ के काठाबाड़ी क्षेत्र में जाने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। हेलीपैड तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है।
मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर भी प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मियों के पहुंचने और वाहनों के काफिले को तैयार रखने के बाद मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे के समय और गंतव्य को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक अंतिम रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई है। इसलिए उनका बाखराबाद स्थित हेलीपैड से नारायणगढ़ के काठाबाड़ी क्षेत्र में जाना अभी संभावित ही माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

