चोरबागान हादसा : मृतका शुभम के परिवार से मिले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता, 23 अक्टूबर (हि. स.)। कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिन दुर्गापूजा मंडप में मची भगदड़ में जान गंवाने वाली शुभम सोनकर के परिवार से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार शाम मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इस हादसे में कुल 19 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे।
बागमारी स्थित एक छोटे से फ्लैट में रहने वाला सोनकर परिवार शुभम की मौत से गहरे सदमे में है। शुभम एक निजी कंपनी में काम करती थीं और परिवार की एकमात्र कमाने वाली सदस्य थीं। वह अपने परोपकारी स्वभाव के लिए इलाके में जानी जाती थीं। शुभम के परिवार में उनके पिता रामजी और भाई-बहन हैं। शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मानिकतला के विधायक एवं राज्य के मंत्री तापस राय के साथ उनके घर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शुभम की तस्वीर पर माला चढ़ाई और धूप जलाकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने उनके पिता रामजी और भाई सुजन से बातचीत की।
बताया जाता है कि उन्हें अधिक भीड़ पसंद नहीं थी, लेकिन पूजा मंडप की प्रशंसा सुनकर वह 17 अक्टूबर को सप्तमी की शाम चोरबागान पहुंची थीं। वहां भगदड़ में उनकी मौत हो गई।
परिवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि सुजन सरकारी नौकरी की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने उसके लिए नौकरी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने परिवार की समस्याओं के समाधान के लिए अपने अधिकार क्षेत्र में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार ने अपनी कुछ समस्याएं बताई हैं, जिन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। उन्होंने भरोसा दिया कि अपने अधिकार क्षेत्र में जो भी संभव होगा, वह करेंगे। परिवार ने सुजन की नौकरी के संबंध में भी अनुरोध किया है। शुभम की मां और बहन सबसे अधिक दुखी हैं। उन्होंने पड़ोसियों से भी परिवार के सदस्यों का साथ देने की अपील की, ताकि वे इस कठिन समय में अपने दुख से उबर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन की कोई कीमत नहीं होती, फिर भी परिवार को आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 25 लाख रुपये और जिलाधिकारी की ओर से दो लाख रुपये दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि हादसे के दौरान माइक से घोषणा कर भ्रम फैलाने के आरोप में पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

